DC vs RCB: बेंगलुरु की घातक गेंदबाजी के आगे दिल्ली ढेर, 75 पर ऑलआउट
नई दिल्ली। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 39वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के सामने दिल्ली की टीम 16.3 ओवर में सिर्फ 75 रन पर सिमट गई।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आरसीबी को शुरुआती ओवरों में ही बड़ी सफलता मिली। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने घातक गेंदबाजी करते हुए क्रमशः तीन और चार विकेट झटके। दिल्ली की टीम ने महज 9 रन पर 6 विकेट गंवा दिए, जो आईपीएल इतिहास के सबसे खराब पावरप्ले स्कोर में से एक है।
केएल राहुल भी इस मैच में फ्लॉप रहे और सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान अक्षर पटेल भी खाता नहीं खोल सके। हालांकि, अभिषेक पोरेल (30 रन) और डेविड मिलर (19 रन) ने कुछ संघर्ष दिखाया, लेकिन टीम को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचा सके। दिल्ली ने इस मैच में तीन बदलाव किए, जबकि आरसीबी ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया। अब बेंगलुरु को जीत के लिए 76 रन का आसान लक्ष्य मिला है।