प्रेम प्रसंग बना खूनी विवाद: प्रेमिका ने प्रेमी पर चाकू से हमला किया, थाने में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर प्रेमिका ने प्रेमी के साथ जमकर हंगामा बरपाया। हंगामा इतना बढ़ा, मारपीट तक बात पहुंच गई। चाकू भी लहराते दिखा। प्रेमी-प्रेमिका के इस ड्रामाई अंदाज से मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।
युवक पहले से विवाहित है, अपने परिवार से अलग होकर सकरी के अटल आवास में दूसरी महिला के साथ रह रहा था। दोनों लंबे समय से साथ रह रहे थे। आसपास के लोगों के मुताबिक दोनों अक्सर झगड़ते रहते हैं। किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। तैश में आई युवती ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को थाने लेकर गई।
सकरी थाना पहुंचने के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक समझाइश चलती रही। बाद में मामला कोर्ट पहुंच गया, जहां दोनों ने स्टाम्प पेपर पर आपसी सहमति से अलग-अलग रहने का फैसला किया।