देशभर की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव तय, 18 जून को डाले जाएंगे वोट

vote

नई दिल्ली : देश की सियासत से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) ने राज्यसभा की 24 सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। देश के 10 अलग-अलग राज्यों से चुने गए 24 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल इस साल जून और जुलाई 2026 में खत्म हो रहा है। इन खाली हो रही सीटों को भरने के लिए चुनाव आयोग ने पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इन सीटों पर आगामी 18 जून 2026, गुरुवार को वोट डाले जाएंगे।

जून-जुलाई में खाली हो रही हैं 10 राज्यों की सीटें

चुनाव आयोग के मुताबिक, जिन सांसदों का कार्यकाल खत्म होने वाला है, वे देश के 10 राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इन सीटों पर नए सदस्यों को चुनने के लिए चुनावी प्रक्रिया अगले महीने यानी जून की शुरुआत से ही तेज हो जाएगी। राजनीतिक पार्टियों ने भी अब अपने-अपने समीकरण साधने और उम्मीदवारों के नामों पर मंथन करना शुरू कर दिया है।

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आधिकारिक टाइमटेबल के अनुसार, चुनाव की प्रक्रिया इस प्रकार चलेगी

  • नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख: 8 जून 2026, सोमवार
  • नामांकन पत्रों की जांच: 9 जून 2026, मंगलवार
  • नाम वापस लेने की अंतिम तिथि: 11 जून 2026, गुरुवार
  • मतदान (Voting Date): 18 जून 2026, गुरुवार (सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक)
  • मतगणना (Result Date): 18 जून 2026, गुरुवार (शाम 5:00 बजे से)
  • चुनाव प्रक्रिया पूरी होने की तारीख: 20 जून 2026, शनिवार

इस चुनाव की सबसे खास बात यह है कि 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके ठीक एक घंटे बाद, यानी उसी दिन शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। देर शाम तक यह साफ हो जाएगा कि संसद के उच्च सदन में कौन से नए चेहरे नजर आएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 20 जून तक चुनाव की पूरी प्रक्रिया को संपन्न करा लिया जाएगा।

रीसेंट पोस्ट्स