CG Weather Update: नौतपा से पहले ही 44 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, मौसम विभाग ने जारी किया लू अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार नौतपा से पहले भीषण गर्मी और लू ने लोगों को हलकान कर दिया है। इन दिनों रायपुर, बिलासपुर जिले में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। लू, उमस और तेज गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल हो रहा है। भीषण गर्मी की वजह से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
नौतपा की बात करें तो इस बार 25 मई से 2 जून तक चलेगा। इस दौरान 9 दिनों तक सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, नौतपा में तापमान 45 से 50 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। तापमान और लू बढ़ने से वातावरण में तेजी से बदलाव होता है। तापमान में भारी बढ़ोतरी देखी जा सकती है। नौतपा के दिनों सूर्य की किरणें अधिक तेज होकर धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ने लगता है। यही वजह है कि इस समय भीषण गर्मी और तेज लू का सामना करना पड़ता है। बढ़ती गर्मी की वजह से बच्चे से लेकर बुजुर्गों के सेहत में इसका बुरा प्रभाव पड़ सकता है, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सुबह दिन के 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से न निकले। जरूरत पड़ने पर सावधानी बरतते हुए ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।
धमतरी, बलोद, रायपुर, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, बलौदाबाजार, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, मुंगेली के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान झूलसाने वाली गर्मी के साथ लोग गर्म हवाओं से परेशान रहेंगे।
आंतरिक ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में स्थित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक विस्तारित है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित चक्रवाती परिसंचरण से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से होते हुए आंतरिक ओडिशा के ऊपर स्थित चक्रवाती परिसंचरण तक द्रोणिका बनी हुई है तथा समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर विस्तारित है।
22 मई को आकाश साफ रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 45 डिग्री सेल्सियस और 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
जानिए तापमान
रायपुर में 44.1
माना एसयरपोर्ट 45.0
बिलासपुर 44.6
पेंड्रारोड 42.0
अंबिकापुर 41.8
जगदलपुर 41.1
दुर्ग 44.2