रायपुर में 10वीं की छात्रा से मारपीट, बचाने आए भाई के सिर पर चाबी से किया वार; तीन युवकों पर FIR

रायपुर : राजधानी रायपुर में 10वीं कक्षा की छात्रा और उसके भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने छात्रा को रास्ते में रोककर उससे बातचीत नहीं करने और मिलने से इनकार करने पर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। बहन को बचाने पहुंचे भाई के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इस दौरान एक युवक ने चाबी से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पीड़िता की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे उरकुरा इलाके में शर्मा प्लास्टिक फैक्ट्री के पास हुई। छात्रा अपने भाई के साथ पोहा खरीदने जा रही थी। इसी दौरान नीरज यादव ने दोनों को रास्ते में रोक लिया।
आरोप है कि युवक ने छात्रा से पूछा कि वह उससे बातचीत क्यों नहीं करती और उससे मिलने क्यों नहीं आती। छात्रा ने जब बात करने से साफ इनकार कर दिया, तो युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसे थप्पड़ मार दिया।
बहन के साथ मारपीट होते देख उसके भाई ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इस पर आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। शिकायत के मुताबिक, तीनों ने भाई-बहन के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
इसी दौरान नीरज यादव ने कथित तौर पर चाबी से छात्रा के भाई के सिर पर वार कर दिया। हमले में भाई घायल हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने 27 अक्टूबर 2026 को नीरज यादव और उसके दो साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोपियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
