दीपावली-छठ पर दुर्ग से दिल्ली के लिए चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, 2 नवंबर को दो मेमू ट्रेनें रद्द

रायपुर : दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग और हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। इसके अलावा, बिलासपुर मंडल में रेलवे ट्रैक पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 2 नवंबर को दो मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि एक ट्रेन का परिचालन निर्धारित रूट पर आंशिक रूप से किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 08751 दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल 1, 8 और 15 नवंबर को दुर्ग स्टेशन से सुबह 10:45 बजे रवाना होगी। रायपुर स्टेशन पर इसका ठहराव सुबह 11:20 से 11:25 बजे तक रहेगा। अगले दिन सुबह 11:10 बजे यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 08752 हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग स्पेशल 2, 9 और 16 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे निजामुद्दीन स्टेशन से रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 12:10 बजे ट्रेन रायपुर पहुंचेगी। यहां से 12:15 बजे रवाना होकर दोपहर 1:45 बजे दुर्ग स्टेशन पहुंचेगी।
यह पूजा स्पेशल ट्रेन रायपुर, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 11 स्लीपर, दो एसी-3 टियर, एक एसी-2 टियर और चार जनरल कोच शामिल हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि टिकट बुकिंग से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES या रेलवन ऐप पर समय-सारिणी और सीटों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त कर लें।
इधर, बिलासपुर मंडल के चांपा-रायगढ़ सेक्शन में सक्ती, झाराडीह और खरसिया स्टेशनों के बीच ऑटोमेटिक सिग्नलिंग एवं नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। इसके चलते 2 नवंबर को रेल परिचालन प्रभावित रहेगा।
निर्धारित कार्य के कारण रायगढ़-बिलासपुर मेमू और बिलासपुर-रायगढ़ मेमू ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी। वहीं, गोंदिया-झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू ट्रेन का परिचालन केवल गोंदिया से बिलासपुर के बीच होगा। बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच इस ट्रेन का परिचालन नहीं किया जाएगा।
