नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 2 करोड़ का गांजा पकड़ा गया; रायपुर के तीन तस्कर गिरफ्तार…
धमतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने गांजा के खिलाफ पिछले चार साल में अबतक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की टीम ने 490 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। साथ ही पांच तस्करों को भी पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों में तीन रायपुर के रहने वाले है। यह कार्रवाई एसपी सूरज सिंह के निर्देश पर की गई है।
दरअसल, जिले में एसपी सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों, शराब, जुआ व अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली कि महेन्द्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG-04-QH-0834 व एक मारूति स्विफ्ट कार क्रमांक CG-04-QA-3116 में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर चारामा से धमतरी की ओर ले जाया जा रहा है।
इस सूचना पर एसपी ने सीएसपी धमतरी को नाकाबंदी कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों का पीछा कर श्याम तराई फारेस्ट नाका के पास पकड़ा गया। वाहन की तलाशी के दौरान महेन्द्रा पिकअप में रखी 13 प्लास्टिक बोरियों में रखे गए 96 पैकेटों में 490.818 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
बरामद गांजे की कीमत 2,45,40,900 रूपये आंकी गई है। मौके से 4 आरोपियों व 1 नाबालिग को पकड़ा गया। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
(01) नौशाद खान पिता मुन्ना खान (उम्र 29 वर्ष), मूल निवासी ग्राम बरनावा, थाना बिनोली,जिला बागपत (उ.प्र.), वर्तमान निवासी जगदलपुर
(02)करण साहू पिता मनोज कुमार साहू उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम बोरिया अंतरामार्ट गली नम्बर 4 अक्षर विहार थाना टिकरापारा रायपुर जिला रायपुर (छ०ग०),
(03) मोह० शादिक पिता मोह० यूनुस खान उम्र 30 वर्ष निवासी गोकुलनगर टिकरापारा रायपुर थाना टिकरापारा जिला रायपुर (छ०ग०),
(04) हिमांशु साहू पिता भोज राम साहू उम्र 20 वर्ष निवासी पचपेड़ी नाका रायपुर थाना टिकरापारा जिला रायपुर (छ०ग०) एवं
(05) एक विधि से संघर्षरत बालक
जप्त संपत्ति
490.818 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा
कीमत लगभग 2,45,40,900
01 मारूति स्विफ्ट कार कीमत लगभग 9,00,000
01 महेन्द्रा पिकअप वाहन
6 नग मोबाइल फोन
बता दें कि धमतरी जिले में यह पिछले चार वर्षों में सबसे बड़ी गांजा जब्ती की कार्रवाई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। आरोपियों द्वारा जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर एवं अन्य स्थानों में खपाने की तैयारी की जा रही थी।
उल्लेखनीय है कि धमतरी पुलिस द्वारा पिछले छह सप्ताह में सीमावर्ती क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के विरुद्ध सात और अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है।