लेडी डॉन पर प्रशासन का शिकंजा: 6 जिलों से जिला बदर, हत्या व गांजा तस्करी समेत 20 अपराध दर्ज

jila_badar_250kb

रायपुर। छत्तीसगढ़ की रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कुख्यात बदमाश मुस्कान रात्रे को जिला बदर किया है। लेडी डाॅन मुस्कान रात्रे पर मारपीट, हत्या, गांजा बिक्री समेत 20 से ज्यादा अपराध दर्ज है। ये महिला इतनी खतरनाक है कि पुलिस जब भी उसे पकड़ने जाती थी तो कभी कुत्ते छोड़ देती या तो कभी गैस सिलेंडर चालू कर उसके उपर बैठकर आत्महत्या की धमकी देती थी। महिला की करतूत को देखकर गिरफ्तार करने आई पुलिस को कई बार खाली हाथ भी लौटना पड़ता था। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा जारी आदेश के मुताबिक मुस्कान रात्रे रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद व बलौदाबाजार-भाटापारा जिला से बाहर रहेगी।

दरअसल, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराध व असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत जिला पुलिस द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस कमिश्नर रायपुर द्वारा कुख्यात अपराधी मुस्कान रात्रे को जिला बदर किया गया है।

मुस्कान रात्रे लंबे समय से अवैध गतिविधियों, विशेषकर नशीले पदार्थों व अवैध शराब के कारोबार, मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास, अवैध गांजा बिक्री व अन्य संगीन मामलों समेत 20 से अधिक अपराधों में लिप्त रही है। महिला के खिलाफ रायपुर समेत कई जिलों के विभिन्न थानों में अनेक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। लगातार प्रतिबंधात्मक व दंडात्मक कार्रवाई किए जाने के बावजूद उसके आपराधिक आचरण में कोई सुधार नहीं आ रहा था।

मामले में पुलिस कमिश्नर रायपुर द्वारा आदेश पारित कर मुस्कान रात्रे को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद एवं बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों की राजस्व सीमाओं से 3 माह की अवधि के लिए बाहर रहने का निर्देश दिया गया है।

जिला बदर आदेश प्रभावी रहने की अवधि में मुस्कान रात्रे उपरोक्त जिलों की सीमाओं में प्रवेश नहीं कर सकेगी।

आदेश का उद्देश्य अपराधी के प्रभाव क्षेत्र को समाप्त कर उसके द्वारा संचालित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों एवं गवाहों में व्याप्त भय और असुरक्षा की भावना को समाप्त करने में सहायता मिलेगी।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।

यदि जिला बदर अवधि के दौरान संबंधित व्यक्ति बिना सक्षम अनुमति के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रीसेंट पोस्ट्स