जांजगीर-नैला में रेलवे का बड़ा कार्य, 15 दिन तक कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द

Train - 10

ट्रेनें रद्द| दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जांजगीर-नैला स्टेशन में चौथी लाइन कनेक्टिविटी और ऑटो सिग्नलिंग के कमीशनिंग कार्य के चलते 22 जून से 5 जुलाई तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इस दौरान रेलवे ने कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

रेलवे के अनुसार रायगढ़-बिलासपुर-रायगढ़ मेमू, बिलासपुर-गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू, बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू, गेवरा रोड-रायपुर मेमू तथा कोरबा-रायपुर पैसेंजर ट्रेनें 22 जून से 3 जुलाई तक रद्द रहेंगी। वहीं रायपुर-गेवरा रोड मेमू और रायपुर-कोरबा पैसेंजर 21 जून से 2 जुलाई तक नहीं चलेंगी।

इन ट्रेनों पर बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और छोटे कारोबारियों की निर्भरता है। ऐसे में यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है।  रेलवे ने कुछ ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया है।

गोंदिया-झारसुगुड़ा और झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू ट्रेनों को बिलासपुर तक ही सीमित किया गया है। वहीं 1 जुलाई को कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दो घंटे की देरी से रवाना होगी।

यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे ने छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा-बिलासपुर खंड में पैसेंजर ट्रेन के रूप में संचालित करने का फैसला किया है, ताकि प्रभावित यात्रियों को कुछ हद तक सुविधा मिल सके।

रीसेंट पोस्ट्स