पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर विवाद, गुस्से में पति ने हथौड़ी मारकर पत्नी को मौत के घाट उतारा

hatya

रायगढ़। पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी ने मामूली विवाद के बाद पत्नी की हथौड़ी मारकर हत्या कर दी थी।

दरअसल, घटना के संबंध में थाना चक्रधरनगर से मृतिका मेहतरीन बाई मंझवार निवासी बाँसजोर की मर्ग डायरी जांच हेतु थाना धरमजयगढ़ को प्राप्त हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े द्वारा धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच प्रारंभ की गई। जाँच के दौरान मृतिका के माता-पिता, सास, पार्षद तथा अन्य गवाहों के बयान लिए गए और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन किया गया।

जांच में पाया गया कि 17 जून की सुबह लगभग 7:30 बजे आरोपी श्यामलाल मंझवार और उसकी पत्नी मेहतरीन बाई के बीच इलाज के लिए पैसे मांगने की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मृतिका द्वारा डंडे से आरोपी की पीठ पर वार किया गया, जिससे आक्रोशित होकर आरोपी ने घर में रखी लोहे की हथौड़ी से पत्नी के सिर पर कई बार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मेहतरीन बाई को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां 20 जून 2026 की शाम लगभग 6:30 बजे उसकी मृत्यु हो गई।

मर्ग जांच में हत्या की पुष्टि होने पर थाना धरमजयगढ़ में आरोपी के विरुद्ध अपराध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने तत्काल आरोपी श्यामलाल मंझवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर वारदात में प्रयुक्त बेट लगा लोहे का हथौड़ा बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश व एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के नेतृत्व पर इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजु मिश्रा, प्रधान आरक्षक गंगाराम भगत एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।