पति की मौत का डर दिखाकर महिला से 85 लाख की ठगी, तंत्र-मंत्र के नाम पर रचा बड़ा खेल…
दुर्ग| भिलाई नगर थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और निवेश में भारी मुनाफे का लालच देकर 62 वर्षीय महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने जिन्न-प्रेत और ग्रह दोष का भय दिखाकर महिला को अपने जाल में फंसाया और वर्षों तक अलग-अलग बहानों से रकम ऐंठता रहा।
पीड़िता संगीता कश्यप की शिकायत पर पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक नवंबर 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान संगीता कश्यप की मुलाकात पवन बधौलिया से हुई थी। बातचीत में महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया, जिसके बाद आरोपी ने दावा किया कि विशेष पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के जरिए सभी समस्याओं का समाधान कराया जा सकता है।
इसके बाद आरोपी लगातार फोन पर संपर्क कर महिला को ग्रह दोष, प्रेत बाधा और जिन्न के साये का डर दिखाने लगा। उसने कथित तौर पर कई गुप्त पूजाओं और अनुष्ठानों के नाम पर बड़ी रकम वसूली।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके पति के सड़क दुर्घटना में घायल होने की आशंका जताई थी। बाद में पति का सड़क हादसा हुआ और उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद महिला का आरोपी पर विश्वास और बढ़ गया, जिसका फायदा उठाकर उसने और अधिक रकम ऐंठ ली।
तंत्र-मंत्र के साथ-साथ आरोपी ने शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर भारी लाभ का लालच भी दिया। महिला और उसके बेटे के बैंक खातों से अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपये आरोपी को भेजे गए।
जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने हाथ की नस काटने की तस्वीर व्हाट्सएप पर भेजकर भावनात्मक दबाव बनाया। इतना ही नहीं, उसने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार बताया और मामले से बाहर निकलने के नाम पर महिला से 7 लाख रुपये और वसूल लिए।
दुर्ग के एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि पीड़िता द्वारा बैंक लेन-देन, मोबाइल चैट और अन्य दस्तावेज सौंपे गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।