LIC कार्यालय में सुरक्षाकर्मी की मौत से सनसनी, नाइट ड्यूटी के दौरान मिला शव, मौके से आपत्तिजनक सामान बरामद
कोरबा| कोरबा कलेक्टोरेट परिसर के समीप स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कार्यालय में सोमवार सुबह एक सुरक्षाकर्मी का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय विनोद सोनवानी के रूप में हुई है, जो नाइट शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात था। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह विनोद का फोन लगातार नहीं उठने पर उसके पिता एलआईसी कार्यालय पहुंचे। वहां कार्यालय के भीतर उन्होंने बेटे को फंदे पर लटका देखा।
घटना की सूचना मिलते ही एलआईसी के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से जांच से जुड़े आपत्तिजनक सामान जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
विनोद सोनवानी शहर के आरा मशीन क्षेत्र का निवासी था। सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सुरक्षाकर्मी ने यह कदम कब और किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
आत्महत्या की घटनाओं को रोकने के लिए मानसिक तनाव के संकेतों को समय रहते पहचानना और संवेदनशीलता के साथ मदद करना बेहद जरूरी है। यदि कोई व्यक्ति लगातार निराशा, अकेलापन या जीवन से हार मानने जैसी बातें कर रहा हो, तो उसकी बात को गंभीरता से लें और उसे अकेला न छोड़ें। परिवार और मित्रों का भावनात्मक सहयोग, नियमित संवाद और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से समय पर परामर्श जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक नशे से दूरी, तनावपूर्ण परिस्थितियों में अतिरिक्त देखभाल और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय या आपातकालीन सहायता लेना भी ऐसे मामलों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।