हैवानियत की हद: पति को बंधक बनाकर पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम

gangrape-s_650_072015061455-500x

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवकों ने महिला के पति को बंधक बनाकर उसके सामने ही वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना 27 जून की शाम की है। पीड़िता अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार गई थी। खरीदारी के बाद दोनों घर लौट रहे थे। रास्ते में पति ने हड़िया (चावल से बनी शराब) पी ली, जिससे वह नशे की हालत में रास्ते में गिर पड़ा।

इसी दौरान ऋतु यादव अपने तीन साथियों रामजी, कपील और रामेश्वर के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि चारों ने पहले महिला के पति को बंधक बना लिया और फिर महिला को पास के एक खेत में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बताया जा रहा है कि वारदात के समय आरोपी भी नशे में थे।

घटना के बाद भय और सदमे के कारण उसने तत्काल शिकायत दर्ज नहीं कराई। बाद में ग्रामीणों के समझाने पर वह रामानुजनगर थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ऋतु यादव आदतन अपराधी है और पहले भी लूट सहित अन्य मामलों में जेल जा चुका है। अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।

रीसेंट पोस्ट्स