बिलासपुर के उद्योगों में बाहरी कर्मचारियों की जांच की मांग, ISI नेटवर्क गिरफ्तारी का दिया गया हवाला

3d135490-a854-441c-a12d-ecf16684477e

बिलासपुर| जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आकर कार्यरत श्रमिकों, कर्मचारियों और ठेकेदारों के पुलिस सत्यापन की मांग को लेकर मंगलवार को छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में संगठन ने जिले के सभी स्पंज आयरन प्लांट, स्टील प्लांट, पावर प्लांट सहित अन्य औद्योगिक संस्थानों में विशेष पुलिस सत्यापन अभियान चलाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों का सत्यापन आवश्यक है।

ज्ञापन में हाल ही में अकलतरा क्षेत्र से संदिग्ध आईएसआई नेटवर्क से जुड़े व्यक्ति की गिरफ्तारी तथा रायपुर के औद्योगिक क्षेत्रों में बाहरी राज्यों के अपराधियों की सक्रियता से जुड़ी खबरों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि ऐसे मामलों को देखते हुए बिलासपुर में भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने मांग की है कि सभी उद्योग प्रबंधन को निर्देशित किया जाए कि वे बाहरी राज्यों से आए श्रमिकों, कर्मचारियों और ठेकेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। जिन लोगों का सत्यापन नहीं हुआ है, उनके पहचान पत्र और निवास संबंधी दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित निगरानी और सुरक्षा जांच अभियान भी संचालित किए जाएं, ताकि किसी भी आपराधिक या राष्ट्रविरोधी गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

संगठन के जिला अध्यक्ष ने कहा कि यह मांग किसी राज्य विशेष या मेहनतकश श्रमिकों के खिलाफ नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा, जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जनहित में उठाई गई है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और समय-समय पर पुलिस सत्यापन तथा सुरक्षा जांच अभियान चलाना आवश्यक है।ज्ञापन सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।