चोरों का नया कारनामा! AC निकालकर घर में घुसे, नकदी और 20 तोला सोना लेकर हुए फरार

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गणेश चौक में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए विंडो एसी उखाड़कर घर में प्रवेश किया और लाखों रुपये की नकदी तथा सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब रात में ड्यूटी कर रहे सुरक्षा गार्ड ने घर के पीछे लगी विंडो एसी को निकला हुआ देखा और इसकी सूचना मकान मालिक को दी।
पुलिस के अनुसार, गणेश चौक निवासी रजनीश सेठ अपने परिवार के साथ 18 जुलाई 2026 से ऋषिकेश घूमने गए हुए हैं। उनके घर की सुरक्षा के लिए प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक एक सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है। 23 जुलाई की रात गार्ड ने घर के पीछे लगी विंडो एसी को उखड़ा हुआ देखा और तत्काल फोन कर इसकी जानकारी रजनीश सेठ को दी।
सूचना मिलने पर रजनीश सेठ ने अपने पुत्र और एक परिचित को घर भेजा। जांच में पता चला कि अज्ञात चोर विंडो एसी हटाकर घर के अंदर घुसे और अलमारी की चाबी से अलमारी खोलकर उसमें रखी नकदी एवं कीमती सामान चोरी कर ले गए।
वीडियो कॉल के माध्यम से घर का निरीक्षण करते हुए रजनीश सेठ ने बताया कि अलमारी में करीब 1.85 लाख से 2.35 लाख रुपये नकद, 15 से 20 तोला सोने के आभूषण तथा कुछ कीमती स्टोन रखे हुए थे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जानकारी केवल अनुमान के आधार पर दी जा रही है, क्योंकि वे अभी शहर से बाहर हैं।
पुलिस का कहना है कि मकान मालिक के लौटने और घर का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने के बाद ही चोरी गए सामान का वास्तविक एवं विस्तृत विवरण सामने आ सकेगा। फिलहाल अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।