कोर्ट की अनुमति के बाद जेल में हुई शादी, रेप केस के आरोपी संग सात फेरे लेने पहुंची युवती

जगदलपुर| प्यार, भरोसा, शिकायत, जेल और फिर शादी… छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से सामने आई यह कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। जिस युवक के खिलाफ एक युवती ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया, सात महीने बाद उसी युवक के साथ उसने जगदलपुर सेंट्रल जेल में सात फेरे लिए। अदालत की अनुमति के बाद जेल परिसर मंडप में बदला, परिजन और पुलिस गवाह बने और शादी की सभी रस्में पूरी हुईं। हालांकि शादी के तुरंत बाद दूल्हे को फिर जेल बैरक लौटना पड़ा। यह अनोखा मामला परपा थाना क्षेत्र के राजूर गांव का है। बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात जगदलपुर के एक पेट्रोल पंप पर हुई थी, जहां वे साथ काम करते थे। साथ काम करते-करते दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। दोनों ने साथ जीवन बिताने का सपना भी देखा था।
युवती का आरोप है कि युवक ने उससे प्रेम विवाह का वादा किया था, लेकिन जब शादी की बात घर पहुंची तो परिवार ने रिश्ते से इनकार कर दिया। युवक भी परिवार के दबाव में पीछे हट गया। युवती का कहना है कि इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और उसने परपा थाने में शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक को गिरफ्तार किया और SC/ST एक्ट सहित अन्य धाराओं में उसे जेल भेज दिया।
मामला दर्ज होने के बाद भी दोनों के बीच संवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। युवती कई बार जेल में उससे मिलने पहुंची। इसी दौरान दोनों ने महसूस किया कि वे अलग नहीं रहना चाहते और विवाह करने का फैसला कर लिया। परिवार की आपत्तियों के बीच युवती ने वकील की मदद से अदालत का दरवाजा खटखटाया और जेल में शादी की अनुमति मांगी।
अदालत की अनुमति मिलने के बाद जगदलपुर सेंट्रल जेल में शादी की तैयारियां शुरू हुईं। जेल प्रशासन ने परिसर में मंडप बनवाया। तय प्रक्रिया के अनुसार दोनों ने परिजनों, पुलिस अधिकारियों, अधिवक्ताओं और जेल अधिकारियों की मौजूदगी में सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
शादी के बाद युवक को दोबारा जेल बैरक भेज दिया गया। उसकी रिहाई फिलहाल नहीं हुई है, क्योंकि मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया में है। कानूनी कार्रवाई पूरी होने और अदालत के आदेश के बाद ही उसकी रिहाई संभव होगी।
युवती का कहना है कि अब उसका एक ही सपना है कि उसके पति जल्द जेल से बाहर आएं और दोनों सामान्य वैवाहिक जीवन शुरू करें। वहीं युवक का भी कहना है कि परिस्थितियों और पारिवारिक दबाव ने दोनों को इस मुकाम तक पहुंचाया, लेकिन अब उन्होंने साथ रहने का फैसला कर लिया है।