मामा-मामी की प्रताड़ना से परेशान युवक ने किया सुसाइड, नौकरी के बहाने 1.5 लाख ऐंठे, रेप केस में फंसाने की धमकी

poison1

बिलासपुर : बिलासपुर जिले से रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. मामा-मामी ने नौकरी का झांसा देकर युवक से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए. फिर पैसे मांगने पर झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देने लगे. जिससे तंग आकर युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली.

मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र के लिमतरा गांव का है. मृतक की पहचान हिरी के रहने वाले राहुल साहू (22) के रूप में हुई है. राहुल साहू ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी. आत्महत्या की वजह कोई और नहीं बल्कि उसके मामा इन्द्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी (44 साल) और मामी अम्बिका वैष्णव (35) है. दोनों ने उसे डेढ़ लाख रुपये ठगने और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया.

जानकारी के मुताबिक़, राहुल के मामा इंद्र कुमार साहू उर्फ भवानी वैष्णव और मामी अंबिका वैष्णव ने उसे और इसके माता पिता को शासकीय रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था. नौकरी लगाने के नाम पर मामा-मामी ने उन लोगों से करीब 1.5 लाख रूपए लिए थे.

जब मृतक राहुल साहू का नौकरी नहीं लगा तब वह पैसा मांगने लगा. 9 मार्च को भी वह अपने पिता को बताकर मामा मामी के घर पैसा मांगने गया था. लेकिन देने के बजाय मामी धमकी देने लगी कि यदि बार-बार रूपये पैसा मागने आआगे तो पैसा नहीं मिलेगा और बलात्कार के झूठे केस में फंसा दूंगी.

इन सब से वो बहुत डर गया और इन सब के बारे में अपने माता-पिता को बताया. मामा मामी के प्रताड़ना से वो मानसिक रूप से टूट गया और आत्महत्या कर ली.

परिजनों से पूछताछ और अन्य जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामा इंद्र कुमार साहू और मामी अंबिका वैष्णव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमे उन्होंने अपना गुनाह कुबूल किया. दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 3(5) के तहत केस दर्ज गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है.

रीसेंट पोस्ट्स