जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने बनाया छत्तीसगढ़ के मजदूरों को निशाना, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल; सीएम साय ने जताया दुख

firing

जम्मू-कश्मीर : जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले शुक्रवार को आतंकी हमला हुआ. आतंकियों ने केल्लाम इलाके में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों पर फायरिंग कर दी. इस हमले में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है.

जानकारी के मुताबिक़, जिले के केल्लाम इलाके में शुक्रवार शाम (31 जुलाई) को आतंकी हमला हुआ है. यह हमला रात करीब 8:30 बजे हुआ. अचानक ईंट भट्ठे पर काम कर रहे प्रवासी मजदूरों पर हमला कर दिया. इस दौरान 3 से 4 राउंड फायरिंग की आवाजें सुनाई दी.

बताया जा रहा है पहले आतंकियों ने पहले मजदूरों की पहचान पूछी और नाम जानने के बाद उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस आतंकी हमले छत्तीसगढ़ के रहने वाले मजदुर 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौत हो गयी है. छत्तीसगढ़ निवासी 28 वर्षीय भोपिंदर घायल है. जिसे इलाज के लिए जीएमसी अनंतनाग में भर्ती कराया गया है.

घटना के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.

इस हमले के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकवादियों को ख़त्म करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने ट्वीट किया, “कुलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले, जिसमें छत्तीसगढ़ के एक मज़दूर की मौत हो गई, के बाद मैंने DGP नलिन प्रभात और सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों से बात की. मैं इस कायरतापूर्ण हरकत की कड़ी निंदा करता हूँ. मैंने सुरक्षा बलों को निर्देश दिया है कि वे अपने ऑपरेशन तेज़ करें और आतंकवादियों को खत्म करें.

जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और दोषियों को सज़ा दिलाने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया है. छत्तीसगढ़ के एक और घायल मज़दूर को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं और मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहा हूँ. जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पूरा देश इन परिवारों के साथ खड़ा है.”

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, ” कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु एवं एक श्रमिक के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है. ”

घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में समुचित इलाज जारी है. अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. मृतक श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि एवं घायल श्रमिक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना.

रीसेंट पोस्ट्स