भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा में अनियमितता, उप अभियंता तत्काल प्रभाव से सस्पेंड

कोरबा : नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरबा जिले के कटघोरा नगर पालिका में कार्यरत उप अभियंता चन्द्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कटघोरा स्थित अटल परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा के मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के कारण की गई है। संचालनालय, नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा इस संबंध में औपचारिक निलंबन आदेश जारी कर दिया गया है।
कटघोरा के अटल परिसर में स्थापित भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में आ रही खराबी और निर्माण कार्य को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के बिलासपुर क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त संचालक ने मामले की जांच की। जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि प्रतिमा का निर्माण स्वीकृत प्राक्कलन के प्रावधानों के विपरीत किया गया था। प्रतिमा के विभिन्न भागों से परतें उखड़ रही थीं और वह लगातार क्षतिग्रस्त हो रही थी। इसके अतिरिक्त प्रतिमा के कांस्य (Bronze) मानक भी तय नियमों के अनुसार नहीं पाए गए।
जांच में इस पूरी निर्माण प्रक्रिया के दौरान पदस्थापना पर रहे उप अभियंता चन्द्र प्रकाश जायसवाल को सीधे तौर पर उत्तरदायी माना गया। उनके इस कृत्य को पदीय कर्तव्यों के सर्वथा विपरीत और गंभीर अनियमितता मानते हुए विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया।
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान चन्द्र प्रकाश जायसवाल का मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग निर्धारित किया गया है। निलंबन की अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) की पात्रता होगी।