कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश का खुलासा: हथियारों के साथ पहुंचे तीन बदमाश घटना से पहले ही गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी डकैती की घटना को होने से पहले ही नाकाम कर दिया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने दिल्ली, बिहार निवासी तीन डकैत को गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, कारतूस, चाकू, मोबाइल भी जब्त किया गया है। तीनों डकैत रायपुर के कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की घटना को अंजाम देने के मकसद से पहुंचे थे।
दरअसल, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी चरण में थाना गुढ़ियारी पुलिस टीम द्वारा कल्याण ज्वेलर्स पंडरी में डकैती की योजना बना रहे आरोपियों की गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में धारा – 310(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) (डकैती क़ा प्रयास) आमर्स एक्ट की धारा 25 क़ा अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया।
आरोपियों को मुखबीर की सूचना पर रेलवे स्टेशन प्लेट फ़ार्म नंबर सात के पीछे नया रोड के पास संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। मौके पर तलाशी ली गई। इस दौरान आरोपियों के कब्जे से एक नग देशी पिस्टल, दो नग जिंदा कारतूस और दो चाकू व 3 नग मोबाइल जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कल्याण ज्वेलर्स में डकैती करने की योजना थी।
योजना के तहत 1 अगस्त को एक आरोपी द्वारा कल्याण ज्वेलर्स की रेकी की गई थी। आरोपियों द्वारा ज्वेलर्स की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास का क्षेत्र एवं वारदात को अंजाम देने की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई गई। इसी बीच पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
प्रकरण में शामिल 2 अन्य आरोपी फरार है, जिनकी तलाश हेतु पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। दोनों फरार आरोपियों के द्वारा लगातार मोबाइल पर अपडेट लिया जा रहा था साथ ही रेकी की फोटो शेयरिंग की जा रही थी और योजना बनाई जा रही थी।
हथियार जब्त
गिरफ्तार आरोपियों से 1 नग देशी पिस्टल, दो नग जिन्दा कारतूस व 2 नग चाकू 3 नग मोबाइल, 2500 रुपये बरामद किया गया। डकैती को लेकर आरोपियों के बीच आपसी संपर्क व योजना के संबंध में तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। आरोपियों से पूछताछ कर फरार आरोपियों की पतासाजी, हथियारों की व्यवस्था तथा डकैती की संपूर्ण योजना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, एडीसीपी उत्तर आदित्य पांडेय व एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के निर्देश में थाना गुढ़ियारी की पुलिस टीम निरीक्षक नरेंद्र कुमार साहू, उप निरीक्षक कैलाश केशरवानी, पीएसआइ वरदान सिंह, सउनि नरेश देवांगन, प्रआर संतोष ठाकुर, आर सुदीप मिश्रा, आर किशोर राजपूत आर रविशंकर तिवारी, आर जगन्नाथ सावले की भूमिका रही।