रायपुर में गुंडा-बदमाशों के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 17 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

1331565-yughjg

रायपुर। राजधानी रायपुर के ग्रामीण इलाके में पुलिस ने अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। सिलतरा पुलिस ने देर रात विशेष अभियान चलाकर चाकूबाजी, मारपीट, छीनाझपटी और संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त रहे 17 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस की अचानक दबिश से इलाके में बदमाशों के बीच हड़कंप मच गया।

यह कार्रवाई एसपी रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर 29 अगस्त की रात की गई। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों पर नियंत्रण स्थापित करना और अवैध शराब व नशे से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना था।

थाना प्रभारी सिलतरा राजेन्द्र सिंह कंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सक्रिय और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों की निगरानी की। इसके साथ ही गुंडा-बदमाशों, चाकूबाजी, मारपीट और छीनाझपटी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस ने अभियान के दौरान अवैध शराब और नशीली गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी।

अभियान के तहत पुलिस टीम ने गुंडा-बदमाश राजेश सिसोदिया के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसकी पत्नी देवकी सिसोदिया के कब्जे से 25 पौवा शोले देशी मदिरा शराब बरामद हुई।

पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की।

अभियान के दौरान पुलिस ने धारा 173(8) दंड प्रक्रिया संहिता के प्रकरण में फरार आरोपी टिकेश्वर निषाद उर्फ ऑटो, निवासी ग्राम धनेली, के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।

सिलतरा पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान थाना क्षेत्र में पूर्व में मारपीट, चाकूबाजी, छीनाझपटी और संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त रहे कुल 17 व्यक्तियों, जिनमें एक महिला भी शामिल है, के खिलाफ धारा 170, 126 एवं 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। आदतन अपराधियों, गुंडा-बदमाशों के साथ ही नशे और अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह कंवर के नेतृत्व में की गई। अभियान में सउनि कौशल मिर्झा, सउनि वर्मा, प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक रागिनी दिनकर, प्रधान आरक्षक कोमल वर्मा, प्रधान आरक्षक कपिल चंद्रवंशी, आरक्षक अर्जुन डहरिया, आरक्षक मुकेश जांगड़े, आरक्षक नवीन निर्मलकर और आरक्षक डिगेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।