बिलासपुर में NEET-PG परीक्षा के दौरान तकनीकी खराबी, 40 कंप्यूटर ठप होने से मचा हड़कंप

neet_pg_thumbnail

बिलासपुर। NEET-PG परीक्षा के दौरान बिलासपुर के प्रज्ञा मंडप परीक्षा केंद्र में तकनीकी खराबी के चलते करीब एक घंटे तक परीक्षा प्रभावित रही। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को उस वक्त परेशानी का सामना करना पड़ा, जब कंप्यूटर स्क्रीन पर परीक्षा का सॉफ्टवेयर खुलने के बजाय Google की विंडो दिखाई देने लगी।

रविवार को NEET-PG समेत अन्य परीक्षाओं के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे थे। प्रज्ञा मंडप केंद्र में परीक्षा शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद एक के बाद एक कंप्यूटर बंद होने लगे। कुछ ही देर में करीब 40 कंप्यूटरों ने काम करना बंद कर दिया।

कंप्यूटर सिस्टम में परीक्षा सॉफ्टवेयर के स्थान पर Google की विंडो खुलने से अभ्यर्थियों में हड़कंप मच गया। स्थिति बिगड़ने पर परीक्षा केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तकनीकी गड़बड़ी के कारण केंद्र प्रबंधन को व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। अधिकारियों और तकनीकी टीम ने सिस्टम को दुरुस्त करने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद परीक्षा प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई जा सकी।

परीक्षार्थियों ने परीक्षा शुरू होने से पहले कंप्यूटर सिस्टम की पर्याप्त जांच नहीं किए जाने पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि ऑनलाइन परीक्षा में तकनीकी खामी होने से अभ्यर्थियों का समय बर्बाद होने के साथ मानसिक तनाव भी बढ़ता है।

अभ्यर्थियों ने यह भी सवाल किया कि जब परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जा रही है, तो परीक्षा के दौरान इतने बड़े स्तर पर कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी समस्या कैसे सामने आई।

जानकारी के मुताबिक, जयपुर के दो परीक्षा केंद्रों पर बिजली गुल होने के कारण भी परीक्षा प्रभावित हुई। वहां करीब 2,445 अभ्यर्थी परीक्षा पूरी नहीं दे सके। वहीं, रविवार को देशभर में लाखों अभ्यर्थी NEET-PG परीक्षा में शामिल हुए।

बिलासपुर में NEET-PG परीक्षा के लिए कुल चार केंद्र बनाए गए थे। इनमें प्रज्ञा मंडप सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र था, जहां करीब 915 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी समस्या को जल्द दूर कर परीक्षा व्यवस्था बहाल कर दी गई।