कवर्धा में 4.5 क्विंटल गांजा बरामद, कंटेनर के गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहा था चालक गिरफ्तार

giraftar

कवर्धा : कवर्धा जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब साढ़े चार क्विंटल गांजा जब्त किया है। तस्करों ने गांजे की इस बड़ी खेप को कंटेनर ट्रक में बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिल्फी बॉर्डर के रास्ते गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने एनएच-30 पर चिल्फी थाना के सामने संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली।

जांच के दौरान ड्राइवर की सीट के ऊपर पुलिस को एक गुप्त चेंबर दिखाई दिया। चेंबर खोलकर तलाशी लेने पर खाकी टेप में लिपटे कई पैकेट मिले। इन पैकेटों में करीब 450 किलो गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपये बताई है।

मामले में पुलिस ने कंटेनर चालक बलजीत सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब, को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से मोबाइल फोन और गांजा तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक भी जब्त किया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश के लखनऊ ले जाई जा रही थी। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी। आरोपी से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्रवाई की सफलता पर राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने टीम के लिए 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा भी की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में गांजा तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

रीसेंट पोस्ट्स