सुकमा में 0-5 वर्ष के बच्चों के शत-प्रतिशत आधार नामांकन पर जोर , दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों तक पहुंचेगा ‘बाल आधार’, कलेक्टर ने डाक विभाग को ऑपरेटर बढ़ाने के दिए निर्देश

543

सुकमा जिला कार्यालय में कलेक्टर की अध्यक्षता में भारतीय डाक विभाग एवं संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का शत-प्रतिशत आधार नामांकन सुनिश्चित करने तथा फिजिकल आधार कार्ड की डिलीवरी में आ रही समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे को आधार जैसी महत्वपूर्ण पहचान सुविधा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों तक अभियान को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

   नामांकन में तेजी के लिए ऑपरेटर बढ़ेंगे, 15-20 दिनों में विशेष शिविर। कलेक्टर ने डाक विभाग को 0-5 वर्ष के बच्चों के आधार नामांकन के लिए ऑपरेटरों की संख्या तत्काल बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी 15 से 20 दिनों के भीतर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष आधार नामांकन शिविर आयोजित करने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। विशेष शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के छोटे बच्चों का नामांकन प्राथमिकता से किया जाएगा। बैठक में फिजिकल आधार कार्ड की डिलीवरी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई और डाक विभाग को वितरण प्रक्रिया में आ रही समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वरिष्ठ डाक अधीक्षक, बस्तर संभाग, उप डाक अधीक्षक, बस्तर, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सुकमा तथा IPPB CELC  मैनेजर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने और निर्धारित समय-सीमा में अधिक से अधिक बच्चों का आधार नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र का कोई भी पात्र बच्चा आधार नामांकन से वंचित न रहे, इसके लिए मैदानी स्तर पर सक्रियता और नियमित मॉनिटरिंग बेहद जरूरी है।

रीसेंट पोस्ट्स