शक ने बना दिया कातिल! पत्नी की हत्या के बाद सिर फ्रिज में छिपाया, धड़ कुत्तों को खिलाने की थी योजना

hatya

गुवाहाटी : असम के गुवाहाटी से एक बेहद सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां एक पति ने कथित तौर पर अपनी 25 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया और उसे प्लास्टिक की थैलियों में लपेटकर फ्रिज के अंदर छिपा दिया। वहीं, महिला का धड़ कमरे के फर्श पर पड़ा रहा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शव के टुकड़ों को कुत्तों को खिलाने की योजना बना रहा था।

यह मामला गुवाहाटी के बेलटोला स्थित बसिष्ठपुर बाइलेन का है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय रिया तालुकदार के रूप में हुई है। रिया मूल रूप से नूनमती की रहने वाली थी और फैंसी बाजार के एसी मार्केट इलाके में एक बुटीक में काम करती थी। बताया गया है कि उसके माता-पिता नहीं थे और परिवार में उसका केवल एक भाई था।

रिया की शादी रामानुजन गोस्वामी से हुई थी, जो मूल रूप से गौरीपुर का रहने वाला है और कैब ड्राइवर के तौर पर काम करता है। आरोप है कि रामानुजन ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद उसके शव के साथ बर्बरता की और सिर को धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद वह घर का दरवाजा बंद कर वहां से फरार हो गया।

मामले का खुलासा तब हुआ, जब अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों को घर से तेज दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली तो अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गई।

कमरे के फर्श पर महिला का सिर कटा हुआ शव पड़ा था, जबकि फ्रिज खोलने पर प्लास्टिक की थैलियों में लिपटा उसका सिर बरामद हुआ। पुलिस को महिला की कटी हुई उंगलियां भी मिलीं। घर के अंदर जगह-जगह खून के निशान थे और सामान बिखरा पड़ा था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेज दिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस आरोपी की तलाश कर ही रही थी कि रामानुजन गोस्वामी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी की हत्या की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि इसी शक के चलते उसने पत्नी की हत्या कर दी और शव के टुकड़े किए।

आरोपी के मुताबिक, वह शव के टुकड़ों को कुत्तों को खिलाने वाला था, लेकिन ऐसा नहीं कर सका। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान हत्या को लेकर कोई पछतावा नहीं जताया।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर यह भी कहा कि जेल से बाहर आने के बाद वह अपनी पत्नी के कथित ‘शुगर डैडी’ की भी हत्या कर देगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी HIV और Hepatitis C से संक्रमित है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह, घटनाक्रम और अन्य संभावित पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।