जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  सुनील चंद्रवंशी ने सेवा संकल्प अभियान 2026 के संबंध में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की ली बैठक

fb

अभियान के सुचारू संचालन हेतु दिए आवश्यक निर्देश

बालोद। छत्तीसगढ़ शासन जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में राज्य में आगामी 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ’सेवा संकल्प अभियान’ के सफल संचालन हेतु जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  सुनील चंद्रवंशी ने कल 08 सितंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर सेवा संकल्प अभियान 2026 के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सीईओ  चंद्रवंशी ने सेवा संकल्प अभियान 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विकासखण्ड स्तर पर 02 से 03 हजार स्वयंसेवकों की सहभागिता, आवश्यक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति तथा प्रत्येक गतिविधि के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं स्वयं सेवकों का बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सीईओ  चंद्रवंशी ने जिला स्तर से सभी विकासखंडों के साथ समन्वय स्थापित कर आगामी 15 दिनों तक निर्धारित गतिविधियों एवं लक्ष्यों की सतत मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक ब्लॉक के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लगभग 2500 से 3000 स्वयंसेवकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक ब्लॉक से लगभग 500 स्वयंसेवकों को जिला स्तर अभियान में जोड़ने एवं कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

सीईओ  चंद्रवशी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी-अपनी गतिविधियों की कार्ययोजना साझा करने तथा निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुतीकरण तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान से संबंधित गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से प्रचारित एवं अपलोड करने तथा जनसहभागिता बढ़ाने के लिए अपील वीडियो तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों एवं मैदानी अमले के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।