सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर, आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर निकली भर्ती, सहायक शिक्षक और व्याख्याता समेत कई पद शामिल

jobs

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय ने भर्ती को लेकर आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। लंबे समय से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए इस भर्ती के जरिए कुल 1812 पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ हुआ है।

भर्ती में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक संवर्ग के विभिन्न पद शामिल किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 590 पद सहायक शिक्षक के हैं। वहीं अलग-अलग विषयों के व्याख्याता के 515 पद निर्धारित किए गए हैं।

इसके अलावा प्रयोगशाला सहायक के 170, व्याख्याता वाणिज्य के 104, अंग्रेजी शिक्षक के 106, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद शामिल हैं।

इन पदों पर भर्ती के लिए उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) देनी होगी। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी रखा गया है। विभाग के अनुसार परीक्षा अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह में संभावित है।

ऑनलाइन आवेदन के लिए लिंक इसी महीने लोक शिक्षण संचालनालय के आधिकारिक पोर्टल पर जारी किया जाएगा। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

आत्मानंद स्कूलों में पहले भर्ती प्रक्रिया जिला स्तर पर संचालित होती थी। जिला समितियों के माध्यम से आवेदन लिए जाते थे और कई बार गूगल फॉर्म के जरिए भी अभ्यर्थियों से आवेदन मंगाए जाते थे। अलग-अलग जिलों में चयन प्रक्रिया होने के कारण कई मौकों पर चयन सूची को लेकर विवाद और प्रक्रिया में देरी की स्थिति सामने आती थी।

अब विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को केंद्रीकृत कर दिया है। इस बार लोक शिक्षण संचालनालय राज्य स्तर पर सीधे परीक्षा आयोजित करेगा। इससे भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और एकरूप बनाने के साथ चयन में लगने वाले समय को कम करने की कोशिश की गई है।

रीसेंट पोस्ट्स