जूडियो शोरूम में तोड़ा कांच का गेट, सेफ लेकर हुए फरार; पुलिस ने CCTV से पकड़े गए दो आरोपी

बिलासपुर। बिलासपुर में श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित जूडियो शोरूम में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सेफ और 4 लाख 83 हजार रुपये की पूरी रकम बरामद कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने शोरूम के बेसमेंट में लगे कांच के गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद वे कैश ऑफिस तक पहुंचे और वहां रखी सेफ को उठाकर फरार हो गए थे।
शोरूम संचालक ने करीब एक सप्ताह पहले पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बेसमेंट का कांच का गेट टूटा हुआ मिला। शोरूम के अंदर जांच करने पर पता चला कि चोर कैश ऑफिस में रखी दो दिनों की बिक्री की रकम से भरी सेफ ले गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को घटना की बारीकी से जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने रमेश सिंह (40), निवासी सिंधी कॉलोनी कस्तूरबा नगर और पुष्पेंद्र यादव (45), निवासी डीपी विप्र कॉलेज के पीछे टिकरापारा को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से चोरी की गई सेफ के साथ 4 लाख 83 हजार रुपये बरामद किए। पूछताछ में दोनों ने जूडियो शोरूम में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
सिविल लाइन टीआई किशोर केंवट के अनुसार, पुलिस ने शोरूम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आए, जिसके आधार पर उनकी तलाश शुरू की गई।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि कस्तूरबा नगर क्षेत्र में दो संदिग्ध जूडियो शोरूम में हुई चोरी और चोरी के सामान को लेकर आपस में बातचीत कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रमेश सिंह और पुष्पेंद्र यादव को हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों तक पहुंचने में बीट आरक्षकों की भूमिका भी अहम रही।