रायपुर समेत छत्तीसगढ़ में बारिश से राहत, 14 सितंबर से कमजोर होगा मानसून

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच अब लोगों को थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार यानी 14 सितंबर से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं। बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बस्तर संभाग के एक-दो इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक मानसूनी बारिश सामान्य रही है। कुल वर्षा सामान्य से करीब 4 फीसदी कम दर्ज की गई है। हालांकि, 14 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
बीते 24 घंटों में रायपुर में सबसे अधिक 30.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रहा।
राजधानी रायपुर में 14 सितंबर को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। बड़े बचेली और कोंटा में 8-8 सेमी, कटेकल्याण में 7 सेमी, सुकमा में 6 सेमी तथा फरसगांव, कुटरू और साल्हेवार में 5-5 सेमी बारिश हुई।
इसके अलावा बारसूर, औंधी, धनोरा, कांकेर और कुआकोंडा में 4-4 सेमी वर्षा दर्ज की गई। डौंडी, छुईखदान, भैरमगढ़, गंडई, छुरिया, मैनपुर, बेलगहना, दंतेवाड़ा, मर्दापाल, अंबागढ़ चौकी, दरभा और बीजापुर समेत कई स्थानों पर करीब 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।