बैल की ‘गिरफ्तारी’ की मांग! 3 लोगों को किया घायल, गुस्साए वार्डवासी FIR की मांग लेकर पहुंचे थाने

19df9c78-88ad-493e-b8b0-f9133d6ebae8

धमतरी : धमतरी में आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर एक अनोखा मामला सामने आया है। नगर निगम की कार्रवाई से नाराज वार्डवासी एक बैल को पकड़कर सीधे कोतवाली थाना पहुंच गए। लोगों ने पुलिस से बैल के खिलाफ FIR दर्ज करने के साथ उसकी गिरफ्तारी की मांग भी कर डाली। बैल को थाने लाए जाने पर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

धमतरी शहर में आवारा मवेशियों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। सुंदरगंज वार्ड में भी पिछले कई दिनों से एक बेकाबू बैल लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था। बताया जा रहा है कि यह बैल अब तक तीन लोगों को घायल कर चुका है।

जानकारी के मुताबिक, बेकाबू बैल धमतरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी के घर में भी घुस गया और जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उनके पिता घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बैल को लेकर नाराजगी और बढ़ गई।

नगर निगम में शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से परेशान वार्डवासियों ने खुद बैल को पकड़ने का फैसला किया। लोगों ने बैल को रस्सी से बांधा और वाहन में लादकर सीधे कोतवाली थाना पहुंच गए।

थाने पहुंचने के बाद वार्डवासियों ने पुलिस से बैल के खिलाफ FIR दर्ज करने और उसे गिरफ्तार करने की मांग की। बैल को थाने में देखकर पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए।

पुलिस ने लोगों को समझाइश दी कि आवारा मवेशियों से जुड़ी शिकायतों और उनकी व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर निगम की है। इसके बाद वार्डवासियों ने बैल को अपने वाहन से कांजी हाउस पहुंचा दिया।

इस घटना के बाद धमतरी में आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।