IPS अधिकारी के बेटे से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार; हथकड़ी में कोतवाली से कोर्ट तक पैदल मार्च

c8722f6a-8826-4604-8e84-5f0aec609e9e

अंबिकापुर। IPS अधिकारी के बेटे से मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली से न्यायालय तक पैदल जुलूस के रूप में ले गई। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य आरोपियों में कानून का भय बनाए रखना और आम लोगों में सुरक्षा का संदेश देना है।

मामला बौरीपारा तालाब के पास का है। जानकारी के मुताबिक IPS रवि कुर्रे के बेटे लेखांश कांत कुर्रे अपने दो दोस्तों के साथ बौरीपारा निवासी एक दोस्त के घर जा रहे थे। इसी दौरान तालाब के पास उन्होंने कार रोकी और मोबाइल पर बात करने लगे। यहां नाम लेने की बात को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता समेत अन्य युवकों ने लेखांश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट करने लगे। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों के अलावा बेल्ट और कड़े से भी हमला किया। घटना में लेखांश के सिर, चेहरे और कनपटी पर चोटें आईं। उनके दोस्तों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें आरोपियों से छुड़ाया।

पीड़ित की शिकायत के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके पिता के पुलिस अधिकारी होने का जिक्र करते हुए चुनौती भी दी। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।

मामले में पुलिस ने गोलू गणेश और आशुतोष गुप्ता को गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली से पैदल न्यायालय ले जाया गया। पुलिस का यह पैदल जुलूस गुरुनानक चौक, महामाया चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड और घड़ी चौक से होकर गुजरा।

न्यायालय में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।