प्यार का खौफनाक अंत! प्रेमिका पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, आरोपी फरार

aag

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक गंभीर और सनसनीखेज वारदात सामने आई। आरोप है कि एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आने के बाद महिला ने चीख-पुकार कर मदद मांगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर महिला को बचाया। गंभीर रूप से झुलसी महिला का इलाज मेकाहारा अस्पताल में जारी है।

पीड़िता की पहचान आरंग निवासी राजकुमारी साहू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजकुमारी और आरोपी वीरू धीवर के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात वीरू धीवर और राजकुमारी साहू एक साथ थे। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर राजकुमारी के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगते ही महिला मदद के लिए चीखने लगी।

महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और आग बुझाई। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी को अस्पताल पहुंचाया गया। उसके शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

घटना के बाद वीरू धीवर मौके से भाग गया। पीड़िता के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और वारदात के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुआ।

एएसपी अभिषेक झा के मुताबिक, वीरू धीवर और राजकुमारी साहू के बीच वर्ष 2021 से पहले से प्रेम संबंध थे। इसी साल आरंग थाने में एक मामला दर्ज हुआ था। आरोप है कि वीरू ने राजकुमारी की सास पर फावड़े से हमला किया था। इस मामले में उसके खिलाफ धारा 307 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, इस घटना के बाद राजकुमारी और उसके पति अलग-अलग रहने लगे थे। इसके बावजूद राजकुमारी और वीरू के बीच संपर्क बना रहा। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि घटना वाले दिन दोनों साथ थे।

फिलहाल आग लगाने के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ-साथ घटना के कारणों की भी जांच कर रही है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।