रायगढ़ में मर्डर से सनसनी: मामूली विवाद में ग्रामीण को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

रायगढ़ में मर्डर से सनसनी: मामूली विवाद में ग्रामीण को कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पखनाकोट में मामूली विवाद के बाद एक ग्रामीण की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से कई वार कर 50 वर्षीय ग्रामीण चैतराम यादव की जान ले ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात ग्राम पखनाकोट में हुई। मृतक की पहचान चैतराम यादव (50) के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी नैहर साय मांझी (45) उसी गांव का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात नैहर साय मांझी की पत्नी चैतराम यादव को बुलाने उसके घर पहुंची थी। इसके बाद चैतराम यादव रात में नैहर के घर गया। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि अपने इलाज को लेकर भी दोनों के बीच विवाद हुआ था।

कहासुनी देखते ही देखते विवाद में बदल गई। गुस्से में नैहर साय मांझी ने कथित तौर पर चैतराम यादव पर टांगी (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया। आरोपी ने उस पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चैतराम का शव आरोपी के घर की परछी में पड़ा मिला।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि इलाज को लेकर हुए विवाद और कहासुनी के बाद उसने चैतराम की हत्या कर दी। वारदात में इस्तेमाल टांगी को उसने छाताघुरा जंगल में एक पत्थर के नीचे छिपा दिया था।

पुलिस ने आरोपी नैहर साय मांझी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रीसेंट पोस्ट्स