रिश्तों की मर्यादा पर सवाल: 45 साल की सास और 26 वर्षीय दामाद के प्रेम-प्रसंग से मचा हंगामा

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के खरगजीत नगर क्षेत्र में सास और दामाद के कथित प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आने के बाद परिवार में विवाद खड़ा हो गया। 45 वर्षीय महिला और उसके 26 वर्षीय दामाद के बीच बढ़ती नजदीकियों की जानकारी मिलने पर महिला के बच्चों ने इसका विरोध किया। इसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि महिला के पांच बच्चे हैं और उसकी एक बेटी की शादी हो चुकी है। करीब दो साल पहले महिला के पति की मौत हो गई थी। इसके बाद महिला और उसके दामाद के बीच कथित तौर पर नजदीकियां बढ़ने लगीं। हाल ही में दामाद के रिश्तेदारी में आने के दौरान बच्चों को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई। इसके बाद परिवार में विवाद शुरू हो गया।
परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने सास और दामाद को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों कथित तौर पर एक-दूसरे से अलग होने को तैयार नहीं हुए। यह भी चर्चा है कि अलग किए जाने पर दोनों ने जान देने की धमकी दी। हालांकि, इस दावे की पुलिस या किसी आधिकारिक स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है।
विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने लाया गया, जहां पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी। इसके बाद दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि यदि भविष्य में इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, सास और दामाद के कथित रिश्ते को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।