सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांग जीवनलाल को मिला बैटरी चलित ट्राइसाइकिल का संबल

frf

बैटरी चलित ट्राइसाइकिल पाकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े जीवनलाल, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

अब आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भरता होगी खत्म

रायपुर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बालोद जिले में जरूरतमंदों एवं दिव्यांगजनों को सहयोग और संबल प्रदान करने के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज समाज कल्याण विभाग द्वारा कार्यालय परिसर में आयोजित ‘दिव्यांगजन सहयोग कार्यक्रम’ में बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम रेंघई निवासी दिव्यांग  जीवनलाल पिस्दा को बैटरी चलित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। ट्राइसाइकिल मिलते ही जीवनलाल के चेहरे पर खुशी और आत्मनिर्भरता की चमक साफ दिखाई दी।

अब आवागमन के लिए दूसरों पर नहीं रहना पड़ेगा निर्भर
दिव्यांगता के कारण अब तक एक स्थान से दूसरे स्थान जाने के लिए दूसरों की मदद पर निर्भर रहने वाले जीवनलाल पिस्दा के लिए बैटरी चलित ट्राइसाइकिल किसी बड़ी सुविधा से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि पहले दैनिक कार्यों और आवागमन के दौरान उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब ट्राइसाइकिल मिलने से वे बिना किसी सहारे के अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में आसानी से आ-जा सकेंगे।

जीवनलाल ने कहा कि यह ट्राइसाइकिल उनके लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि स्वावलंबन और नई जिंदगी का उपहार है। इससे उनकी रोजमर्रा की गतिविधियां आसान होंगी और दूसरों पर उनकी निर्भरता भी कम होगी। उन्होंने इस सुविधा को अपने जीवन में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहा नया संबल
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस सहयोग कार्यक्रम ने जीवनलाल जैसे जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। शासन की संवेदनशील पहल से उन्हें न केवल आवागमन की सुविधा मिली, बल्कि अपने दैनिक जीवन को अधिक स्वतंत्रता और आत्मविश्वास के साथ जीने का संबल भी मिला है। अपने जीवन में आए इस सकारात्मक बदलाव के लिए जीवनलाल ने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं उनके जैसे दिव्यांगजनों के जीवन में सुविधाएं पहुंचाने के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक और आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही हैं।