जगदलपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का सांसद  महेश कश्यप ने किया शुभारंभ

wt
700 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

रायपुर। बस्तर जिले के खेल परिसर जगदलपुर में गुरुवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का बस्तर सांसद  महेश कश्यप ने शुभारंभ हुआ। प्रदेश के विभिन्न संभागों से पहुंचे करीब 700 खिलाड़ियों और कोचों की मौजूदगी से पूरा परिसर खेल भावना और जबरदस्त उत्साह से सराबोर नजर आया।

समारोह के मुख्य अतिथि सांसद  महेश कश्यप ने प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय फलक पर आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर प्रदान करती हैं। सांसद ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

चित्रकोट विधायक  विनायक गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि बस्तर और ग्रामीण वनांचल के बच्चों में नैसर्गिक खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इस तरह के भव्य आयोजनों से दूरदराज के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक मजबूत मंच मिलता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरे मनोबल, लगन और अनुशासन के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, रग्बी और हैंडबॉल की विभिन्न स्पर्धाओं में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। इनमें एथलेटिक्स स्पर्धाएं 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के बीच आयोजित की जा रही हैं, जबकि रग्बी और हैंडबॉल की प्रतिस्पर्धाओं में 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में खेल विभाग के सभापति  वनवासी मौर्य, स्टेट गाइड के जिला मुख्य आयुक्त  सुरेश गुप्ता, पार्षद श्रीमती पूनम सिन्हा, जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल सहित जनप्रतिनिधिगण, शिक्षा एवं खेल विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।