SBI कियोस्क से 1.07 करोड़ की कथित वित्तीय धोखाधड़ी, संचालक गिरफ्तार; 29 FD बॉन्ड और लैपटॉप जब्त

giraftar

धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कियोस्क के माध्यम से खाताधारकों से कथित तौर पर 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी और गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कियोस्क संचालक केशव राम साहू (40) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, SBI के अनुबंध के तहत कियोस्क संचालन कराने वाली संस्था NICT Technologies Pvt. Ltd. ने ग्राम कोरा में कियोस्क संचालन की जिम्मेदारी केशव राम साहू को दी थी।

आरोप है कि आरोपी ने 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच SBI खाताधारकों के खातों से जुड़ी वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना की। पुलिस के अनुसार, जांच में कुल 1,00,75,717 रुपये की राशि से संबंधित आपराधिक न्यासभंग का मामला सामने आया है।

NICT Technologies Pvt. Ltd. के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जुगलकिशोर की शिकायत पर भखारा थाने में अपराध क्रमांक 102/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338 और 336(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी केशव राम साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से Lenovo कंपनी का लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के FD बॉन्ड पेपर गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए गए।

पुलिस का कहना है कि जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 21 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड के लिए कुरूद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने बैंक और कियोस्क के माध्यम से लेन-देन करने वाले खाताधारकों से अपने पासबुक, बैंक रसीद और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की नियमित जांच करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि या अनधिकृत लेन-देन की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।

रीसेंट पोस्ट्स