भिलाई में खड़ी मालवाहक गाड़ी से 36 गैस सिलेंडर चोरी, 3 दिन में पुलिस ने 8 आरोपियों को दबोचा

1-2026-09-22T095818.942

दुर्ग। भिलाई में खड़ी मालवाहक गाड़ी से 36 भरे हुए इंडेन गैस सिलेंडर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने महज तीन दिन में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामला भिलाई के कैंप-01 स्थित साक्षरता चौक के पास सर्विस रोड का है। 18 सितंबर को यहां खड़ी महिंद्रा मैक्सेमो प्लस वाहन से 36 भरे हुए इंडेन गैस सिलेंडर चोरी हो गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद घनश्याम कुर्रे ने 19 सितंबर को छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास से मिले साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस प्रमोद देवांगन तक पहुंची। पूछताछ में उसके द्वारा चोरी की वारदात में शामिल होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की। उसके इनपुट के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए सिलेंडरों को अलग-अलग स्थानों से बरामद करने की कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए 36 सिलेंडरों में से 16 सिलेंडर जामुल स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे छिपाकर रखे गए थे। वहीं, बाकी सिलेंडरों में से 20 को आरोपियों ने करीब 2-2 हजार रुपये प्रति सिलेंडर की दर से बेच दिया था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर चोरी के सिलेंडर बरामद किए। पुलिस के अनुसार 20 सिलेंडर बरामद किए गए, जबकि बैकुंठ धाम दशहरा मैदान के पास से वारदात में इस्तेमाल वाहन के साथ 5 अन्य सिलेंडर भी जब्त किए गए।

पुलिस ने बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई है।

मामले में पुलिस ने प्रमोद देवांगन, सुरेंद्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अब चोरी के सिलेंडरों की बिक्री और पूरी वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका की भी जांच कर रही है।

रीसेंट पोस्ट्स