आकाशीय बिजली का कहर: बालोद, कांकेर और बेमेतरा में 4 लोगों की मौत, 2 महिलाएं घायल

bijli

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खराब मौसम और बारिश के बीच गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे बालोद, कांकेर और बेमेतरा जिलों में हुए। वहीं, बालोद में बिजली की चपेट में आने से दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका उपचार जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी वज्रपात की संभावना जताते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

पहली घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के पथराटोला गांव की है। यहां खेत में काम कर रही महिलाएं अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। हादसे में 40 वर्षीय अनुसुइया बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों का इलाज कराया जा रहा है।

कांकेर में पेड़ के नीचे बैठे किसान पर गिरी बिजली:
दूसरी घटना कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल ब्लॉक के ग्राम गुड़फेल में हुई। 52 वर्षीय किसान रामसिंह मंडावी खेत में काम करने गए थे। शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम बदला और तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए वह खेत में लगे जामुन के पेड़ के नीचे बैठ गए। इसी दौरान पेड़ के पास आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई।

बेमेतरा में दो मजदूरों की जान गई:
तीसरी घटना बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र में हुई। सुरहोली-कुसमी मार्ग पर तालाब के पास बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी मनोज राजवंशी और जगदीश राजवंशी के रूप में हुई है।

लगातार हो रहे वज्रपात को देखते हुए मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों से खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास नहीं रुकने की अपील की गई है।