सरगुजा में खौफनाक वारदात: एक थप्पड़ का बदला लेने सोते दोस्त की टांगी से हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

hatya

सरगुजा : करमा पर्व के जश्न के बीच शराब के नशे में हुई मामूली कहासुनी ने सरगुजा में खूनी रूप ले लिया। एक थप्पड़ से नाराज दो युवकों ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि दोनों ने देर रात कमरे में घुसकर युवक को अंदर से बंद कर दिया और टांगी से सिर व गर्दन पर कई वार किए। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान बैकुंठपुर निवासी 28 वर्षीय विश्वजीत कुल्हाड़े उर्फ राजा के रूप में हुई है। वह कुछ समय से मायापुर में अपनी बहन के घर रहकर बाइक मैकेनिक का काम कर रहा था। खैरबार गाड़ाघाट मार्ग पर उसकी जमीन पर दुकान के साथ पीछे एक कमरा भी बना हुआ था।

शनिवार रात खैरबार क्षेत्र में करमा पर्व का आयोजन चल रहा था। विश्वजीत अपने तीन साथियों आकाश सिंह उर्फ चिंटू, आकाश कुमार और शनि कुमार के साथ वहां पहुंचा था। इससे पहले सभी ने साथ बैठकर शराब पी। उत्सव के दौरान किसी बात को लेकर विश्वजीत और आकाश चिंटू के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान विश्वजीत ने चिंटू को थप्पड़ मार दिया।

बताया जा रहा है कि थप्पड़ की बात को लेकर चिंटू काफी नाराज था। विवाद के बाद विश्वजीत अपने साथी शनि के साथ दुकान के पीछे बने कमरे में जाकर सो गया। देर रात करीब एक बजे आकाश सिंह और आकाश कुमार हाथ में कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचे।

जब शनि ने दरवाजा खोला तो दोनों ने उसे थप्पड़ मारकर वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपी कमरे में घुस गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कमरे के भीतर उन्होंने विश्वजीत पर टांगी से हमला कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे के अंदर विश्वजीत का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक, युवक ने हमले से बचने के लिए संघर्ष किया था। कमरे में संघर्ष के निशान भी मिले हैं। आरोपियों ने उसके सिर और गर्दन पर टांगी से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद सीएसपी राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों संदिग्ध आरोपियों आकाश सिंह और आकाश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सनी टांगी भी बरामद कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

रीसेंट पोस्ट्स