राशन कार्डधारकों के लिए राहत की खबर, सितंबर और अक्टूबर दो महीने का चावल मिलेगा एक साथ

रायपुर : छत्तीसगढ़ के लाखों राशन कार्डधारकों के लिए राहत की खबर है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत सितंबर और अक्टूबर महीने का चावल लेने की समयसीमा बढ़ा दी गई है। अब पात्र हितग्राही 15 अक्टूबर तक दोनों महीनों का चावल एक साथ प्राप्त कर सकेंगे।
पहले सितंबर और अक्टूबर के चावल के वितरण के लिए 30 सितंबर तक की समयसीमा निर्धारित थी। हालांकि, कई पात्र हितग्राहियों को निर्धारित अवधि में खाद्यान्न नहीं मिल सका। इसे देखते हुए खाद्य विभाग ने वितरण की अंतिम तारीख आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
खाद्य विभाग के नए निर्देश के अनुसार, प्रदेश के सभी पात्र राशन कार्डधारक अब 15 अक्टूबर तक सितंबर और अक्टूबर दोनों महीनों का चावल एक साथ ले सकते हैं। इसके लिए 1 अक्टूबर से ऑनलाइन पोर्टल भी खोल दिया गया है।
विभाग ने सभी उचित मूल्य की दुकानों को निर्देश दिए हैं कि पात्र हितग्राहियों को दोनों महीनों का राशन उपलब्ध कराने में किसी तरह की परेशानी न हो और वितरण व्यवस्था सुचारू रखी जाए।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि पात्र हितग्राहियों को सितंबर और अक्टूबर का चावल देने से उचित मूल्य दुकान संचालक इनकार नहीं कर सकते। राशन वितरण में लापरवाही, आनाकानी या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
कोर पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम (PDS) की सुविधा के तहत पात्र हितग्राही प्रदेश के भीतर किसी भी उचित मूल्य की दुकान से अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित समय पर सभी दुकानों तक दो महीने का चावल नहीं पहुंच पाने के कारण वितरण प्रभावित हुआ था।
चावल की आपूर्ति में देरी और वितरण व्यवस्था में सामने आई लापरवाही को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई भी की है। बताया गया है कि नान के पूर्व जिला प्रबंधक को पद से हटाया जा चुका है। इसके बाद त्रिनाथ रेड्डी ने नए जिला प्रबंधक के रूप में जिम्मेदारी संभाली है।
सरकार द्वारा समयसीमा बढ़ाए जाने से उन राशन कार्डधारकों को राहत मिलेगी, जिन्हें निर्धारित अवधि में सितंबर और अक्टूबर का खाद्यान्न नहीं मिल पाया था।
