एकतरफा प्यार में छात्रा पर एसिड अटैक, आरोपी ने दोस्त से करवाया हमला, CCTV से खुला राज; दो गिरफ्तार

acid attack

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एकतरफा प्यार के चलते 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही छात्रा पर युवक ने एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा, आंख और चेहरा बुरी तरह झुलस गए। गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया है। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है।

घटना सोमवार 5 अक्टूबर को बालोद थाना क्षेत्र के आमापारा इलाके में आत्मानंद स्कूल के सामने दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। 22 वर्षीय पीड़िता एक हेड कॉन्स्टेबल की बेटी है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। वह एमए की पढ़ाई पूरी कर चुकी है।

जानकारी के मुताबिक, छात्रा लाइब्रेरी से पढ़ाई करने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया। अचानक हुए हमले से छात्रा चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।

एसिड हमले में छात्रा के शरीर के दाहिने हिस्से के साथ उसकी आंख और चेहरा गंभीर रूप से झुलस गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा है। मुख्य आरोपी बालोद थाना क्षेत्र के नेवारीखुर्द का रहने वाला है और बालोद शहर के आमापारा में किराए के मकान में रहता था। उसके पिता मानपुर-मोहला जिले में पुलिस विभाग में पदस्थ हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपी पीड़िता के साथ पहले कोचिंग में पढ़ चुका था। उसने छात्रा के सामने प्रेम प्रस्ताव रखा था, लेकिन छात्रा ने उसे ठुकरा दिया। इसके बाद आरोपी ने नाराज होकर छात्रा को सबक सिखाने की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने भैरमगढ़ निवासी अपने बचपन के दोस्त के जरिए छात्रा पर एसिड अटैक करवाया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

रीसेंट पोस्ट्स