दिन में गर्मी, रात में ठंडक; छत्तीसगढ़ में बदलने लगा मौसम का मिजाज

प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। फिलहाल मानसून वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी और बारामती के आसपास से गुजर रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों से मानसून की पूरी तरह विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं।
मौसम केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है। किसी बड़े या प्रभावी मौसमी सिस्टम के सक्रिय नहीं होने से भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि स्थानीय मौसमी प्रभाव के चलते एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या छींटे पड़ सकते हैं।
पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। तापमान के इस अंतर से संकेत मिल रहा है कि अब प्रदेश में दिन के समय गर्मी और रात में हल्की ठंडक का दौर शुरू हो गया है।
राजधानी रायपुर में आज मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश की संभावना बेहद कम है। ऐसे में दिन के समय लोगों को धूप और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
