सनसनीखेज हत्या: शादीशुदा प्रेमिका और पति ने मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट

मामला पस्ता थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान कोदौरा गांव निवासी वसीम अंसारी (35) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की शाम वसीम एक्टिवा से घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान मक्का बाड़ी के पास उसकी एक्टिवा मिली। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को जंगल में नाले के पास एक गड्ढे से वसीम का कटा हुआ सिर मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के एंगल से जांचना शुरू किया। जांच के दौरान कोटडीह निवासी सोनू खैरवार (30) और उसकी पत्नी मनबासो खैरवार (25) पर पुलिस का शक गहराया। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में दोनों ने घटना में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन पूछताछ के दौरान कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मनबासो का शादी से पहले वसीम के साथ प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था। इसकी जानकारी मनबासो के पति सोनू को हो गई थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच विवाद भी होता था। पुलिस के अनुसार, मनबासो वसीम से संबंध खत्म करना चाहती थी, लेकिन वसीम इसके लिए तैयार नहीं था।
पुलिस के मुताबिक, वसीम से छुटकारा पाने के लिए सोनू और मनबासो ने हत्या की साजिश रची। 2 अक्टूबर को मनबासो ने वसीम को बहाने से जंगल के पास मिलने बुलाया। वहां पहुंचने के बाद आरोपी दंपती ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने कुल्हाड़ी से सिर और धड़ अलग कर दिए। सिर को झाड़ियों के पास गड्ढे में दफना दिया गया, जबकि धड़ को करीब 200 मीटर दूर दूसरे गड्ढे में फेंक दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
