चाकू दिखाकर प्रोफेसर का अपहरण, बंधक बनाकर खाते से उड़ाए 1 लाख; एक आरोपी गिरफ्तार

kidnapping_260kb

रायगढ़। रायगढ़ जिले में इवनिंग वॉक पर निकले एक प्रोफेसर के अपहरण और ऑनलाइन लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता को रास्ते में पकड़ लिया और उनकी आंखों पर पट्टी बांधकर चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मोटरसाइकिल से उन्हें दूसरे स्थान पर ले जाकर मारपीट की गई और मोबाइल, पासवर्ड के साथ Google Pay और BHIM App की जानकारी हासिल की गई। आरोपियों ने एक महिला के खाते का QR कोड मंगवाकर प्रोफेसर के खाते से करीब 1 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।

मामला सामने आने के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुसौर पुलिस को प्रोफेसर की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर प्रोफेसर को सुरक्षित रेस्क्यू किया और 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पीड़ित कपुरचंद गुप्ता (47) ने पुलिस को बताया कि 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे वह गांव में डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान होने पर वे सड़क किनारे डबरी के पास एक माइलस्टोन पर बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए।

आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट, गर्दन व छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें मोटरसाइकिल से भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी ले जाया गया। वहां आरोपियों ने मारपीट कर मोबाइल फोन का पासवर्ड, Google Pay और BHIM App से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली।

आरोपियों ने मोबाइल के जरिए एक महिला से संपर्क किया और उसका QR कोड मंगवाया। इसके बाद प्रोफेसर के बैंक खाते से लगातार रकम ट्रांसफर की गई। खाते की करीब 1 लाख रुपये की ट्रांसफर लिमिट खत्म होने तक पैसे भेजे गए।

आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर उनके घर पर फोन भी करवाया और परिजनों से उनकी कुशलता की बात कहलवाई, ताकि उन्हें अपहरण की जानकारी न हो सके। रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने फिर उनकी आंखों पर पट्टी बांधी और पंडरीपानी के एक कमरे में ले जाकर बंधक बना लिया।

पीड़ित के परिजनों को घटना को लेकर संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के आने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने लाए।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। रातभर चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण की बात स्वीकार की।

पीड़ित की शिकायत पर पुसौर थाने में धारा 140(3), 309(6), 142 और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने उस महिला से भी संपर्क किया, जिसके खाते में प्रोफेसर के खाते से रकम ट्रांसफर कराई गई थी। पुलिस के प्रयास से ट्रांसफर की गई पूरी रकम को सुरक्षित करा लिया गया है। पुलिस ने अन्य नामजद आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

रीसेंट पोस्ट्स