जशपुर में धार्मिक पोस्ट को लेकर बवाल: हिंदू देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों पर विवादित टिप्पणी करने के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार

giraftar

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं, ऋषि-मुनियों और धर्मग्रंथों को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक सरकारी शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हेमंत कुमार बेदी (52) के रूप में हुई है, जो बगीचा ब्लॉक के कूदमुरा मिडिल स्कूल में पदस्थ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को चराईडांड़ निवासी करनैल सिंह (54), जिलाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद ने कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 15 अक्टूबर को उन्होंने फेसबुक पर हेमंत बेदी के अकाउंट से एक पोस्ट देखी थी।

आरोप है कि पोस्ट में हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि इस पोस्ट से हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और लोगों में नाराजगी बढ़ने लगी। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद कुनकुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी हेमंत बेदी कांसाबेल क्षेत्र के ग्राम बिहावत का निवासी है। पुलिस टीम भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देने के लिए उसके गांव पहुंची थी।

पुलिस के मुताबिक, टीम को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कथित पोस्ट करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।

यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश, एएसपी राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और कुनकुरी एसडीओपी राजेश कुमार साहू के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर मामला है। धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने या समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रीसेंट पोस्ट्स