कोरबा में चलती कार पर युवतियों का खतरनाक स्टंट, बोनट पर लेटकर और दरवाजों पर लटककर बनाया Reel; वाहन मालिक पर केस दर्ज

362aba99-2600-4043-8aed-5cfa594d69f7

कोरबा : सोशल मीडिया पर रील बनाने और लोकप्रियता हासिल करने के लिए लोग किस हद तक जोखिम उठाने लगे हैं, इसका एक मामला कोरबा से सामने आया है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में तीन युवतियां चलती कार पर खतरनाक स्टंट करती नजर आईं। गरबा ड्रेस पहने एक युवती कार के बोनट पर लेटी हुई थी, जबकि दो अन्य युवतियां कार के दोनों ओर दरवाजों पर लटककर डांस कर रही थीं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो में काले रंग की कार सड़क पर चलती दिखाई दे रही है। इसी दौरान तीन युवतियां कार के अलग-अलग हिस्सों पर स्टंट करती नजर आती हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो ‘Just Chill’ गाने पर बनाया गया था। वीडियो के साथ एक कैप्शन भी पोस्ट किया गया, जिसमें लिखा था, ‘Freedom उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो।’

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस तरह की हरकत पर नाराजगी जताई। लोगों ने इसे सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

यह मामला कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर का बताया जा रहा है। वीडियो में एक युवती कार के बोनट पर लेटी दिखाई देती है, जबकि दो अन्य युवतियां दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस करती नजर आती हैं।

नवरात्रि के दौरान इलाके में सड़क पर सजावट भी की गई थी। ऐसे में चलती सड़क पर इस तरह का स्टंट न केवल युवतियों के लिए, बल्कि राहगीरों और आसपास चल रहे अन्य वाहनों में सवार लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता था।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर CG 12 BV 6007 के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की। इसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। स्टंट करने वाली युवतियों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में काले रंग की कार में तीन युवतियां खतरनाक तरीके से स्टंट करती दिखाई दी थीं। कार चल रही थी और युवतियां बोनट तथा दोनों दरवाजों पर बैठी और लटकी हुई थीं।

उन्होंने कहा कि इस तरह वाहन चलाने से सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। वीडियो के आधार पर वाहन की पहचान कर उसके मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रील या वीडियो बनाने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट न करें। कुछ सेकेंड की लोकप्रियता पाने की कोशिश किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। सड़क पर लापरवाही से किया गया ऐसा प्रदर्शन खुद के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डालता है।