शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के केस में समझौते का दबाव, इनकार करने पर युवती को जान से मारने की धमकी

कोरबा : शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने के मामले में दर्ज केस वापस लेने से इनकार करने पर एक युवती को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमानत पर बाहर चल रहे युवक ने एमपी नगर के डांडिया ग्राउंड के पास युवती को रोककर उसके साथ गाली-गलौज की। साथ ही केस वापस नहीं लेने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एमपी नगर निवासी युवती ने दादरखुर्द निवासी सुनील कुमार धीवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने की शिकायत दर्ज कराई थी। यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है और आरोपी जमानत पर बाहर है।
युवती का आरोप है कि जमानत मिलने के बाद से ही आरोपी उस पर केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। इसके लिए वह रुपये-पैसों का लालच भी दे रहा था। शिकायत के अनुसार, 16 अक्टूबर को डांडिया ग्राउंड के पास इसी मामले को लेकर दोनों के बीच बातचीत हुई थी।
इसके अगले दिन यानी 17 अक्टूबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच युवती डांडिया देखकर अपनी स्कूटी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान आरोपी स्कार्पियो से वहां पहुंचा और युवती से केस वापस लेने के लिए आखिरी बार कहा।
युवती के केस वापस लेने से मना करने पर आरोपी ने उसके चरित्र को लेकर अभद्र टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उसने पुलिस में शिकायत करने या केस वापस नहीं लेने पर युवती को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपी अपनी स्कार्पियो (CG 12 BU 9812) से मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद युवती घर पहुंची और अपने परिचित को पूरी बात बताई। इसके बाद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार धीवर के खिलाफ BNS की धारा 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
