साइबर ठगी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, बैंक खाते किराए पर देने वाले 10 आरोपी गिरफ्तार

बेरला पुलिस की जांच में पता चला कि ग्राम बोरिया निवासी पीयूष टंडन, प्रेमसागर टंडन और तुषार बंजारे ने अपने बैंक खाते और ATM कार्ड अभिषेक दुर्गा को उपलब्ध कराए थे। अभिषेक ने उन्हें खाते देने के बदले 20 हजार रुपये तक कमाने का लालच दिया था।
जांच में सामने आया कि पीयूष ने अपना बैंक खाता 6 हजार रुपये, प्रेमसागर ने 3 हजार रुपये और तुषार ने अपने दो बैंक खाते 2,500 रुपये में देने की बात सामने आई। पुलिस ने इस मामले में अभिषेक दुर्गा, पीयूष टंडन, तुषार बंजारे और प्रेमसागर टंडन को 25 और 26 अक्टूबर को गिरफ्तार किया।
दूसरी कार्रवाई देवरबीजा चौकी पुलिस ने की। पुलिस ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की देवरबीजा शाखा और IDBI बैंक की बेमेतरा शाखा के खातों की जांच की थी। जांच में 16 नवंबर 2024 से 23 फरवरी 2025 के बीच अलग-अलग खातों में साइबर ठगी से जुड़ी 2 लाख 15 हजार 439 रुपये की संदिग्ध रकम का पता चला।
पुलिस के अनुसार, इन बैंक खातों के शुरुआती दिन से लेकर अंतिम लेनदेन तक की जांच में भी बड़ी रकम के ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने जितेंद्र वर्मा (24), संजय यादव (20), चंद्रमणि साहू (23), लोकेंद्र साहू (21), दुर्गेश साहू (20) और दिलेश्वर साहू (28) को 27 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सभी 10 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
