भिलाई में सनसनी: इंटरनेशनल टेनिस स्टेडियम के पीछे बोरी में मिला अज्ञात व्यक्ति का कटा हुआ सिर

IMG-20261027-WA0072

भिलाई। इस्पात नगरी भिलाई में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भिलाई नगर थाना क्षेत्र के इंटरनेशनल टेनिस स्टेडियम के पीछे एक सुनसान इलाके में बोरी के अंदर अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला कटा हुआ सिर मिला। सेप्टिक लाइन की सफाई के दौरान कर्मचारियों की नजर बोरी में मौजूद मानव अवशेषों पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर इलाके में सेप्टिक लाइन की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सफाई कर्मचारियों को एक बोरी में मानव अवशेष दिखाई दिए। पास जाकर देखने पर उसमें किसी अज्ञात व्यक्ति का कटा हुआ सिर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना पर भिलाई नगर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और बरामद मानव अवशेष को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद मानव अवशेष किसके हैं और उन्हें सुनसान इलाके में किसने तथा कब फेंका।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हत्या समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शोभराज अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच भिलाई नगर थाना क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर मानव अवशेष मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद भिलाई नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

उन्होंने बताया कि बरामद अवशेषों की फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) से जांच कराई गई है। मर्ग की कार्रवाई पूरी करने के बाद अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना और इस रहस्यमयी मामले की गुत्थी सुलझाना है। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।